Skip to main content

Voices in the Dark Junji Itou: माँगा समीक्षा

जापान का खौफ़ का उस्ताद, बॉडी हॉरर के शहंशाह कहे जाने वाले ईंटो जुंजी की यह पहली माँगा थी जो मैने पढ़ी थी। माँगा जापानी शैली की कॉमिक्स होती है। इस माँगा मे 7 लघुकथाए शामिल है और यह 2003 मे प्रकाशित हुई थी।
ऐसे मुझे निजी तौर पर बॉडी हॉरर नही पसँद, पर इस संग्रह मे उतना बॉडी हॉरर नही था।
जिन पाठको को बॉडी हॉरर का अर्थ नही पता, उन्हें बता दूँ कि बॉडी हॉरर मे शरीर को भयानक ढंग से बताया जाता है। कटे अंग, अत्यधिक खून खराबा और विकृत शरीर इस जॉनर मे आते है।
इस कहानी संग्रह का जापानी नाम है यामी नो कोए(闇の声) जिसका हिंदी मे अर्थ है अंधेरे मे आवाज़े

इस संग्रह को मैने इसी वर्ष जनवरी 18 से लेकर 19 तक पढ़ा। और यह है मेरी राय सभी 7 कहानियो को लेकर:

1) खून चूसता अंधेरा
यह कहानी नामी नाम की लड़की की है, जिसका बॉयफ़्रेंड उसे पतली पतली लड़की के लिए छोड़ देता है। इसी कारण नामी अपना वज़न कम करने का फैसला करती है, ताकि अपने बॉयफ़्रेंड को हासिल कर सके दुबारा। जल्द पतला होने के लिए नामी खाना ही छोड़ देती है और फिर उसे इसका अंजाम भुगतना पड़ता है।


शुरुआत मे मुझे यह कहानी कुछ दिलचस्प नही लगी, पर जैसे-जैसे पढ़ते गया इसे, मज़ा बढ़ते गया। कहानी मे कोई बड़ा ट्विस्ट नही है, आप अंदाज़ा लगा सकते है आगे क्या होगा। कहानी की पैसिंग अच्छी थी और 40 पेजो मे यह आराम से निपट जाती है। जुंजी जब यह माँगा बना रहे थे, तब वह अपनी चित्रकारी के शिखर पर नही थे। पर फिर भी यह सरल चित्रकारी मुझे पसंद आई।
कहानी के अंत ने थोड़ा निराश किया मुझे। मैं इसे 5 मे 3 स्टार दूँगा।

2) गोल्डन टाइम के भूत
कैसुके गंभीर किस्म का लड़का है जिसे जल्दी हँसी नही आती। इसी कारण उसका मित्र त्सुगुओ उसे एक कॉमेडी शो मे ले जाता है। फिर शुरू होता है एक ऐसा कॉमेडी शो, जो हँसाते हुए मार देता है। क्या कैसुके बच पाएगा??

यह कहानी मुझे पूरे संग्रह मे सबसे कमज़ोर और उबाऊ लगी। इसे आगे पढ़ना मेरे लिए दुश्वार हो गया था। जहाँ पहली कहानी को पढ़ते हुए मुझे आगे पढ़ने के लिए उत्सुकता जागती रही, वही इस कहानी मे ऐसा कुछ नही था। कहानी का कांसेप्ट ठीक था। ऐसा लगा कि ईंटो साहब को संग्रह मे कुछ डालना था, सो उन्होंने बिना इसपर अधिक काम किए इसे डाल दिया। संपादको ने भी इसे मान्य कर दिया क्योंकि ईंटो साहब जापान मे इतने प्रसिद्ध है कि वह जो भी लिखेंगे, वह हिट हो जाएगा।
इस कहानी को मैं 5 मे से केवल 1 ही स्टार दूँगा।

3) वक़्त की गर्जना
मसाकी और मीमुरा दोनो ही मित्र थे जो पहाड़ी पर ट्रेकिंग के लिए गए थे। पर अचानक ही उनका कंपास खराब हो जाता है और वह भटक जाते है और तब उनका सामना होता है एक रहस्यमई बाढ़ से और उसमे फसे सैकड़ो चीखते लोगों से।

यह कहानी इस संग्रह मे मेरी दूसरी प्रिय कहानी है। अन्य कहानियो के मुकाबले इसमे हॉरर या रक्त आदि कम है। साथ ही यह एक रहस्य कथा अधिक लगती है। जो तस्वीर मेरे ज़हन मे जुंजी ईंटो के लिए थी, वह यह कहानी पढ़ने के बाद मानो टूट सी गई।
मैं इस कहानी को 5 मे से 4.5 स्टार दूँगा।

4) हॉन्टेड हाउस का रहस्य
कोइची और साटोशी के छोटे शहर मे कुछ रहस्यमई लोग हॉन्टेड हॉउस बनाते है, जिसकी चर्चा देखते-देखते पूरे शहर मे फैल जाती है। हॉन्टेड हॉउस के मालिक के अनुसार यह सबसे डरावना हॉन्टेड हॉउस था। इसी बात की जाँच के लिए दोनो दोस्त रात मे इसमे दाखिल होने का प्लान करते है, जो जल्द ही उन्हें अपनी सबसे बड़ी भूल लगी।

यह कहानी ठीक थी। पर यदि इस संग्रह को पढ़ने से पूर्व आप जुंजी ईंटो का हॉरर कॉमेडी माँगा "सोइची" पढ़े, तो शायद आपको मज़ा आए। क्योंकि यह मेरा पहला माँगा था ईंटो साहब का, इसलिए मुझे इस बारे मे कोई जानकारी नही थी।
ऐसे यह कहानी अपने आप मे पूर्ण या स्टैंड अलोन है, पर उसका आगे का भाग भी है, जो इस माँगा संग्रह के सीक्वल मे है।
हा यह कहानी मुझे थोड़ी डरावनी लगी साथ ही इसका अंत बेहद अच्छा लगा।
इस कहानी को मैं 5 मे से 2.5 स्टार दूँगा। हा यदि उस समय सोइची के बारे मे पता होता, तो मैं इस कहानी को 3 स्टार तक दे देता।

5) ग्लिसराइड
युई एक साधारण लड़की थी, जो फूजी पर्वत के पास ही एक छोटे शहर मे रहती थी अपने पिता और भाई के साथ। उसके पिता एक बारबेक्यू रेस्ट्रा चलाते थे और उसी के ऊपर उनका घर था। रेस्ट्रा से निकलता चिकनाहट भरा धुँआ सीधा ऊपर घर मे जाता, जिस कारण उनके घर मे हर जगह पर चिकनाहट और चर्बी की एक परत चढ़ चुकी थी। युई इस जगह से निकलना चाहती थी।

यह कहानी पूरे संग्रह मे सबसे घिनौनी कहानी थी। जुंजी ईंटो घिनौने चित्र बनाने के लिए भी प्रसिद्ध है, ऐसे मे उनका हॉरर हर किसी के टेस्ट का नही है।
कहानी पढ़ते हुए आपको युई के लिए सहानुभूति होती है, जिस कारण आप उसकी वह घुटन महसूस कर पाते है, जो वह अपने घर मे महसूस करती थी। यह घुटन ही इस कहानी को डरावनी बनाती है।
मैं इस कहानी को 5 मे से 3 स्टार दूँगा।

6) द एर्थबॉन्ड
पूरे जापान मे अजीब सी घटनाए होने लगती है। कुछ व्यक्ति एक ही जगह पर ही खड़े पाए जाते है, मानो कोई अंजान शक्ति है है जो इन सभी को अपनी जगह पर थामे हुए है। इसी की जाँच पड़ताल के लिए असानो निकल पड़ती है...

यह कहानी एक रहस्य कथा अधिक है। इसमे हॉरर तत्व  लगभग न के बराबर थे।साथ ही इस संग्रहे मे यह मेरी सबसे प्रिय कहानी है
इसका रहस्य अधिक जटिल नही पर फिर भी इसे पढ़ने मे मुझे मज़ा आया।
इस कहानी को मैं 5 मे से पूरे 5 स्टार दूँगा।

7) मृत की पुकार
नोरिको ने एक दुर्घटना मे अपने परिवार को खो दिया था। यह घटना कुछ घुंदो के कारण हुई थी। उन घुंदो को पुलिस ने पकड़ लिया था और नोरिको के पिता की मृत्यु के जुर्म मे उनके मुखिया को मृत्यु दंड।
पर अचानक जी नोरिको और उसके भाई को मुखिया की आत्मा नज़र आने लगती है, जो उन दोनो से अपनी करनी की माफी माँगने आता है।
क्या नोरिको उसे माफ़ करेगी?

यह कहानी अच्छी थी। इस कहानी मे बदला, न्याय और दया जैसे विषयो को लिया गया है। कहानी ने मेरी उत्सुकता बनाई रखी। एक जगह मैं नोरिको से सहानुभूति जता पा रहा था और उस मुखिया की मृत्यु की कामना कर रहा था पर फिर एक जगह उसके लिए दया की भावना भी जाग जाती है।
मैं इस कहानी को 5 मे से 3.5 स्टार दूँगा।

मेरी राय
इस माँगा संग्रह को मैं 5 मे 3.8 स्टार दूँगा। मुझे इसे पढ़ने मे बेहद मज़ा आया। हा कहानियो के चयन पर ध्यान देना चाहिए था।
जुंजी ईंटो की कहानिया यूनिक थी। मुझे इसकी उमीद नही थी।
इस माँगा संग्रह के बाद मैं जुंजी ईंटो का प्रसंसक बन गया।
मैने उनके अन्य माँगा भी पढ़े है, जिनकी समीक्षा आगे आएंगी।

Comments